इस्तेमाल किए गए सामान को बेचने के लिए मशहूर ऑनलाइन कंपनी ओएलएक्स के माध्यम से चोरी की बाइक बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने छह बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की शिनाख्त लोहता के चंदापुर केराकत के नीरज सिंह और मिर्जापुर के जिगना के चेहरा गांव के नीतेश पांडेय के तौर पर हुई है। नीरज और नीतेश के खिलाफ जिले के साथ ही मिर्जापुर में भी मुकदमे दर्ज हैं और दोनों पूर्व में भी जेल जा चुके हैं।
क्षेत्राधिकारी भेलूपुर अखिलेश सिंह ने मंगलवार को लंका थाने पर पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लौटूबीर पुलिया के पास चोरी की बाइक के साथ दो लोग मौजूद हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर लंका और डाफी चौकी प्रभारी ने घेरेबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हाईस्कूल पास हैं और शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चुरा कर ओएलएक्स पर उसकी फोटो डालते हैं। ग्राहक तय होने पर वे उसे बाइक बेच देते हैं। दोनों ने बताया कि ग्राहकों को वे बाइक के फर्जी रजिस्ट्रेशन पेपर आरटीओ के दलालों की मदद से तैयार कराकर देते हैं।
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने आदित्य नगर स्थित एक खंडहर से चोरी की पांच और बाइक बरामद की। बरामद हुई छह बाइक में चार पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं दर्ज था। क्षेत्राधिकारी भेलूपुर ने बताया कि पूछताछ में दोनों के गिरोह के सदस्यों के संबंध में भी जानकारी मिली है।
पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी।