वाराणसी में शुक्रवार दोपहर एक घंटे के अंतराल पर हुई लूट और छिनैती की दो घटनाएं होने से पुलिस महकमे में सनसनी मच गई। दोनों घटनाओं ने पुलिस की गश्त की पोल खोल कर सामने रख दी। दोनों जगहों पर सूचना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची।
चौबेपुर के रामगढ़वा निवासी रामाश्रय यादव महाराष्ट्र में आरपीएफ में सिपाही के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह बाइक से पत्नी निर्मला के साथ आशापुरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे और मकान बनवाने के लिए एक लाख 77 हजार निकाले।
पैसा निकाल कर दंपती वापस जाने के लिए बैंक से बाहर निकले तभी पल्सर सवार दो बदमाश तेजी से उनकी तरफ बढ़े और निर्मला के हाथ से पैसों का बैग छिनने लगे। इस दौरान रामाश्रय बदमाशों से उलझ गए, लेकिन बदमाश दंपती को पीट कर बैग लेकर आशापुर की ओर भाग निकले।
रामाश्रय ने बताया कि बैग में उनकी पत्नी के चार हजार रुपये और भी थे। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए बैंक के साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।