पट्टे की जमीन को लेकर वर्षों से चल रहा है विवाद
- फोटो : demo
पट्टे की जमीन के विवाद में आजमगढ़ जिले के शंकरपुर गांव में शुक्रवार की शाम चार बजे दो सगे भाइयों को गोली मार दी गई। बड़े भाई की पीठ और छोटे के सीने में गोली लगी। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर है।
उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर का घेराव कर दिया बाद में पुलिस ने लोगों को हटाया।
शंकरपुर गांव निवासी लछीराम को गांव में पट्टे की जमीन मिली है लेकिन अभी कब्जा नहीं हो सका है। जमीन लछीराम और गांव के प्रेम यादव के घर के बीच में है। इसे लेकर वर्ष 1998 से दोनों में मुकदमा चल रहा है।
इस विवाद को लेकर लछी राम और प्रेम यादव के परिवारों में कई बार मारपीट भी हो चुकी है। लछीराम के पुत्र रमेश की ठेकमा बाजार में कपड़े की दूकान है। शनिवार को वह दोपहर में दूकान बंद कर घर आ गया था। शाम करीब चार बजे वह अपने छोटे भाई कमलेश के साथ फिर दूकान जा रहा था।
दोनों भाई जैसे ही प्रेम यादव के घर से थोड़ा आगे बढ़े कि पीछे से दो लोग ललकारते हुए पहुंचे और दोनों को लक्ष्य कर गोलियां चला दीं। रमेश को पीठ और कमलेश के सीने में गोली लगी। दोनों के गिरते ही हमलावर फरार हो गए। दोनों भाइयों को सरकारी एबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
जहां से डाक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया लेकिन घरवालों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर घटना के बाद रमेश पक्ष के लोगों ने प्रेम यादव का मकान घेर लिया। लेकिन ऐन वक्त पर एसओ बरदह और सीओ लालगंज फोर्स लेकर पहुंच गए और लोगों को खदेड़ दिया।
सीओ लालगंज श्याम नारायण ने बताया कि पट्टे की जमीन के विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है, ना ही तहरीर मिली है।