कैंट रेलवे स्टेशन के तीसरे द्वार पर टिकट काउंटर का इंतजार
कैंट रेलवे स्टेशन पर बने तीसरे द्वार से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही शुरू तो हो गई है लेकिन अब तक यात्रियों को टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म एक के पास बने टिकट हाॅल में ही जाना पड़ रहा है। ये स्थिति तब है जब तीसरे द्वार से लोग प्लेटफॉर्म नंबर 10-11 पर इंदौर, लखनऊ, उज्जैन, प्रतापगढ़, बरेली, चंडीगढ़, अंबाला आदि रूट पर ट्रेन पकड़ने पहुंचते हैं। यहां गेट पर ही टिकट घर बना है। यात्रियों के लिए एक्सेलेटर भी लगाया गया है लेकिन कब से टिकट मिलना शुरू होगा और एक्सेलेटर कब शुरू होगा, कुछ तय नहीं है।
कैंट स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म पर इस समय पहले, दूसरे प्रवेश द्वार से हर दिन बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं। त्योहारों के समय भीड़ अधिक हो जाती है, इसको देखते हुए ही यहां मालगोदाम रोड साइड में तीसरा प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। यहां एक फुटओवरब्रिज बनाया गया है, जिसके माध्यम से यात्री प्लेटफॉर्म 10-11 तक पहुंचते हैं।
दीपावली, छठ पर्व, देव दीपावली जैसे त्योहार पर काशी में दूर दराज से लाखों लोग आएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिहाज से बनाए गए तीसरे द्वार पर अब तक सुविधा के नाम पर कुछ शुरू नहीं हो सका है। टिकट घर बनाया गया है, यात्रियों के लगेज स्कैनर के लिए मशीन भी लंबे समय से रखी गई है लेकिन इन सुविधाओं का लाभ यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है।
उत्तर रलवे के एडीआरएम बीके यादव का कहना है कि स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ही एक तीसरा प्रवेश द्वार बनाया गया है। यहां टिकट घर बनाया गया है। बस मानव संसाधन सहित कुछ जरूरी औपचारिकताएं हैं, जिसके पूरा होते ही टिकट घर शुरू हो जाएगा। यात्रियों को राहत मिले, इसके लिए एक्सेलेटर भी लगा है। इसका काम भी पूरा होते ही शुरू हो जाएगा।