फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: बनारस में नकली दवाओं का सुराग हिमाचल के सोलन तक पहुंचा, अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़; मशीनें देख टीम हैरान

Wed, 18 Nov 2026 09:56 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

रोहनिया में नकली दवाओं का स्टॉक मिलने के बाद यूपी एफएसडीए और एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में अवैध दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां एंटीबायोटिक, न्यूरो और एसिडिटी की ब्रांडेड दवाओं की नकल हो रही थी। 17 प्रकार की दवाओं के नेटवर्क और अंतरराज्यीय आपूर्ति की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
नकली दवाओं का भंडाफोड़। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के रोहनिया में नकली और संदिग्ध दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद जांच की कड़ियां हिमाचल प्रदेश के सोलन तक पहुंच गई हैं। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अवैध रूप से संचालित दवा निर्माण इकाई पर छापा मारकर बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। मौके पर दवाओं के निर्माण से लेकर उनकी पैकेजिंग और ब्रांडेड कंपनियों के नाम से छपाई तक के उपकरण मिले। यहां एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और एसिडिटी की महंगी दवाओं की नकल किए जाने की बात सामने आई है।

विज्ञापन




प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में नकली और काउंटरफिट दवाओं का स्टॉक पकड़े जाने के बाद औषधि विभाग ने उनके निर्माण स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की थी। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई औषधि निरीक्षण और जांच की कार्रवाई से मिले तथ्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश तक कड़ियां जोड़ी गईं। कमिश्नर एफएसडीए डॉ. रोशन जैकब के पर्यवेक्षण में विशेष टीम ने एसटीएफ के साथ मिलकर सोलन में छापेमारी की।

विज्ञापन
Trending Videos

17 प्रकार की दवाओं के नेटवर्क की जांच
जांच के दौरान वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में कुल 17 प्रकार की संदिग्ध दवाओं की पहचान हुई थी। इनके निर्माण स्थल और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के राजपुरा, खेड़ा बाईपास स्थित संदिग्ध निर्माण इकाई को चिह्नित किया गया। संयुक्त टीम ने यहां छापा मारा तो फैक्ट्री संचालित अवस्था में मिली। मौके पर दवाओं के निर्माण की गतिविधियां चल रही थीं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस इकाई में बाजार में अधिक मांग और ऊंची कीमत वाली ब्रांडेड दवाओं की नकल की जा रही थी। इनमें एसिडिटी और पेट संबंधी समस्याओं में इस्तेमाल होने वाली पैन-डी कैप्सूल, न्यूरो श्रेणी की प्रेसिज-300 और प्रेगाबालिन आधारित दवाएं शामिल हैं। इसके अलावा सी-एजेड नाम से सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन आधारित एंटीबायोटिक तथा ए-सिपेक्स-625 नाम से एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलानेट आधारित दवाओं के निर्माण से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आईं।

भारी मात्रा में मिलीं दवाएं। - फोटो : संवाद
नामी कंपनियों की दवाओं की हो रही थी नकल
छापेमारी में जीरोडोल एसपी, मॉन्टिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकॉल 500 और टैक्सिम ओ 200 जैसी दवाओं के निर्माण से संबंधित सामग्री भी मिली। इसके अलावा न्यूरो-300 नाम से प्रेगाबालिन आधारित दवा तैयार किए जाने के साक्ष्य सामने आए। ये ऐसी दवाएं हैं जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दवाओं का निर्माण किस स्तर पर हो रहा था और इन्हें किन-किन ब्रांडों के नाम से बाजार में उतारने की तैयारी थी।

फैक्ट्री में मिली निर्माण से लेकर पैकेजिंग तक की मशीनें
संयुक्त टीम को फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और उपकरण मिले। इनमें ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने वाले उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा दवाओं के पत्तों और पैकेटों पर छपाई के लिए इस्तेमाल होने वाली छपी हुई पन्नियां और स्टीरियो प्रिंटिंग के उपकरण भी बरामद हुए।

इन उपकरणों की मौजूदगी से जांच एजेंसियों को आशंका है कि यहां केवल दवाओं का भंडारण नहीं किया जा रहा था, बल्कि निर्माण से लेकर पैकेजिंग और ब्रांडेड उत्पादों की तरह तैयार करने तक की पूरी व्यवस्था मौजूद थी। अब इन मशीनों और बरामद सामग्री की जांच कर उत्पादन की वास्तविक क्षमता और तैयार दवाओं की संख्या का पता लगाया जा रहा है।

मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा
नकली दवाओं का कारोबार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि मरीजों की जिंदगी से जुड़ा गंभीर मामला है। विशेष रूप से एंटीबायोटिक और न्यूरो श्रेणी की दवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता से समझौता होने पर मरीजों के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। नकली एंटीबायोटिक के इस्तेमाल से संक्रमण का उपचार प्रभावित होने और दवा के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का खतरा भी रहता है।

जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगा रही हैं कि सोलन की फैक्ट्री में तैयार की जा रही दवाओं की आपूर्ति किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की गई। इनके वितरण में शामिल लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन

तीन जिलों से शुरू हुई जांच पहुंची दूसरे प्रदेश तक
इस पूरे मामले में वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में हुई औषधि निरीक्षण की कार्रवाई अहम रही। इन जिलों में मिले संदिग्ध दवाओं के मामलों की जांच के दौरान निर्माण स्थल तक पहुंचने के लिए साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद संयुक्त टीम ने हिमाचल प्रदेश में कार्रवाई की। वाराणसी के रोहनिया में 17 प्रकार की दवाओं का स्टॉक मिलने से शुरू हुई जांच अब सोलन की अवैध निर्माण इकाई तक पहुंच गई है। इससे नकली दवाओं के कारोबार के पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय नेटवर्क की पड़ताल को नई दिशा मिली है। फिलहाल जांच एजेंसियां दवाओं के निर्माण, वितरण और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें