चोलापुर की घटना, सारनाथ में मिली लावारिस
- फोटो : demo photo
चोलापुर के मोहांव गांव में रविवार की रात आई बारात से चोरों ने एक बोलेरो चुराई। बोलेरो लेकर सभी सारनाथ क्षेत्र पहुंचे ही थे कि उसका तेल खत्म हो गया। चोरों को कई उपाय नहीं दिखा तो बोलेरो छोड़कर भाग गए।
भुक्तभोगी की सूचना पर पुलिस ने जिले भर में खोजबीन शुरू की तो सोमवार को यह मामला सामने आया। चोलापुर थाना क्षेत्र के मोहांव निवासी रामचंद्र गुप्ता की बेटी की रविवार को शादी थी।
बारात में राजातालाब निवासी अनिल कुमार गुप्ता अपनी बोलेरो से आए था। इसी दौरान चोर अनिल की बोलेरो लेकर भाग खड़े हुए। रात में ही जब बोलेरो नहीं दिखी तो अनिल ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी।
वायरलेस सेट पर बोलेरो चोरी का संदेश प्रसारित होने पर पुलिस हरकत में आई और जिले भर में खोजबीन शुरू हुई। सोमवार की सुबह बोलेरो सारनाथ के सीतारसोईं में लावारिस खड़ी मिली। काफी मशक्कत के बाद भी जब बोलेरो स्टार्ट नहीं हुई तो देखा गया तो उसमें डीजल नहीं था।
तब जाकर पूरा माजरा समझ में आया।
पुलिस ने अनिल को बुलाकर उनकी बोलेरो सुपुर्द कर दी। उधर, मंडुवाडीह थाना अंतर्गत शिवदासपुर लहरतारा रोड निवासी बिसई यादव की मालवाहक पिकअप शनिवार की रात चोरों ने घर के सामने से उड़ा दिया।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बिसई ने एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मंडुवाडीह पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस एक के हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी हुई है।