अस्पताल में भर्ती शराब कारोबारी शशिभूषण जायसवाल।
नवागत कप्तान नितिन तिवारी के कार्यभार संभालने के साथ ही बदमाशों ने उन्हें मंगलवार की रात तगड़ी सलामी दी। दरअसल रात को जब कप्तान क्राइम मीटिंग ले रहे थे और जिले के थानेदारों को कामकाज का तरीका समझा रहे थे, ठीक उसी वक्त कैंट क्षेत्र के रमरेपुर में शराब कारोबारी शशिभूषण जायसवाल (45) को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर सवा सात लाख रुपये लूट लिए। शशिभूषण को मलदहिया स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। कैंट पुलिस ने सक्रियता दिखाई लेकिन बदमाशों की धरपकड़ में नाकामी हाथ लगी।
रमरेपुर निवासी शशिभूषण जायसवाल अपने तीन अन्य पार्टनरों के साथ शहर में मॉडल शॉप सहित आधा दर्जन से अधिक शराब के प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। मंगलवार की रात वह लहुराबीर स्थित अपनी मॉडल शॉप का हिसाब कराने के बाद दो दिन की बिक्री के सवा सात लाख रुपए अपनी बाइक की डिग्गी में रखकर घर के लिए निकले। पहड़िया चौराहा से अकथा मार्ग पर रमरेपुर स्थित आवास के लिए जब वो बढ़े तभी बाइक सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। शशिभूषण जैसे ही अपने घर के पास पहुंचे एक बदमाश ने उन्हें लक्ष्य कर गोली चलाई जो उनकी दाहिनी जांघ में लगी। इसके चलते शशिभूषण बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
बदमाशों में से एक ने ललकारा कि और गोली मारो इस पर शशिभूषण उठे और एक गली की तरफ भाग निकले। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी बाइक पर लगी डिग्गी को उखाड़ा और उसमें मौजूद सवा सात लाख रुपये लेकर अकथा की तरफ भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद शशिभूषण ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हुए और उन्हें मलदहिया स्थित एक निजी नर्सिंगहोम पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी जींस उतरवाई तो जांघ को पार कर एक गोली फंसी मिली। घटना की जानकारी पाकर एसएसपी नितिन तिवारी नर्सिंगहोम पहुंचे और उन्होंने कारोबारी को आश्वस्त किया कि बदमाश पकडे़ जाएंगे।