क्षेत्र के एक गांव की इंटरमीडिएट की दलित छात्रा को अगवा कर उसके साथ पांच युवकोें द्वारा गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। युवती को नशीला पदार्थ खिलाया गया और विरोध करने पर उसे जलती सिगरेट से दागा गया। मंगलवार को आरोपियों ने छात्रा को धमकाते हुए पांडेयपुर से नियार जा रही महानगर बस में बैठाया। जब वह घर पहुंची तो परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कहा गया है कि मेडिकल मुआयना में दुराचार की पुष्टि होने पर धाराएं बढ़ा दी जाएंगी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा 12 अक्तूबर को गायब हो गई थी। मंगलवार की शाम वह अपने घर के समीप अचेतावस्था में मिली। ग्रामीणों के अनुसार वाराणसी-नियार मार्ग पर चलने वाली महानगर बस से वह उतरी और थोड़ी दूर चलने के बाद अचेत होकर गिर पड़ी। पुलिस को सूचना दी गई तो बस के चालक ने बताया कि वह पांडेयपुर चौराहे से बैठी थी।
परिवारीजन उसे चोलापुर सीएचसी ले गए जहां से डॉक्टरों ने उसे पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय रेफर कर दिया। होश आने पर छात्रा ने बताया कि 12 अक्टूबर को वह अपने घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार नकाबपोश युवकों ने उसे जबरन बैठाया और वाराणसी में एक कमरे में उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। इस दौरान विरोध करने पर उसे नशीला पदार्थ खिलाया जा रहा था और सिगरेट से दागा जा रहा था। इस संबंध में छात्रा के परिवारीजनों ने विधायक त्रिभुवन राम से भी शिकायत की और ठोस कार्रवाई कराने की मांग की। इस पर विधायक ने एसएसपी को पत्र लिखा है।