यूपी के जौनपुर में एक युवती से छेड़खानी को लेकर दो समुदायों के लोग आमने सामने आ गए जिससे तनाव हो गया। तनाव को देखते हुए मौके पर तीन थानों की पुलिस तैनात की गई।
जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर बाजार में जयप्रकाश जायसवाल सहज जन सेवा केंद्र चलाते हैं। उसकी दूकान के पास दूसरे समुदाय के कुछ लोग नशे में धुत होकर एक युवती से छेड़छाड़ कर रहे थे।
जयप्रकाश के बेटे हर्ष जायसवाल ने उन लोगों को दूकान से हटने के लिए कहा तो छेड़खानी कर रहे लोग उससे उलझ गए। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद उस समय वो लोग चले गए लेकिन थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग लाठी डंडे के साथ पहुंच गए।
पांच लोग दूकान में घुसकर हर्ष से हाथापाई करने लगे। हमलावरों ने हर्ष की पिटाई के बाद दूकान में तोड़फोड़ की और पथराव किया। बाजार के लोगों के जुट जाने पर हमलावर भाग गए। इसकी सूचना यूपी 100 को दी गई।
इसके बाद थानाध्यक्ष रामपुर संतोष दीक्षित, थानाध्यक्ष नेवढ़िया रुद्रभान पांडेय, चौकी इंचार्ज जमालपुर अरुण मिश्रा मौके पर पहुंच गए। जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने छेड़खानी, मारपीट व पथराव का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस बारे में थानाध्यक्ष रामपुर संतोष दीक्षित ने बताया कि हम लोग मौके पर गए थे। हर्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दूकानदारों का कहना है कि यहां कुछ लोग काफी दिनों से छींटाकशी करते रहे हैं पर पुलिस कुछ नहीं करती है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय ने बताया कि गोपालापुर गांव में ऐहतियात के तौर पर तीन थानों की पुलिस लगाई गई है। फिलहाल मौके पर शांति है।