डेढ़ घंटे तक भेलूपुर से अन्य मार्गं पर ठप रहा था आवागमन
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के भेलूपुर थाने के सामने शनिवार की रात अचानक माहौल अराजक हो उठा था। बुनकर जाहिद अनवर के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुरू हुआ बवाल थाने का घेराव और पथराव में बदल गया।
इससे थाने के फॉलोअर विजय मौर्या सहित दो लोग घायल हो गए। इस पर पुलिस ने लाठी पटक कर भीड़ को खदेड़ा। इस घटना के बाद रविवार सुबह भेलूपुर इंस्पेक्टर की तहरीर पर चार नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया है।
वर्तमान में क्षेत्र का माहौल शांत है लेकिन सतर्कता के लिए पुलिस गस्त कर रही है। दरअसल शनिवार की रात बुनकर जाहिद अनवर के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में रेवड़ी तालाब और गौरीगंज से पहुंचे लोगों ने भेलूपुर चौराहा जाम कर दिया।
भीड़ में शामिल लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कहना था कि 48 घंटे बीत गए लेकिन हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया। इसी बीच कुछ लोगों ने भेलूपुर थाने पर पथराव कर दिया।
इससे थाने के फॉलोअर विजय मौर्या सहित दो लोग घायल हो गए। इस पर पुलिस ने लाठी पटक कर भीड़ को खदेड़ा। तब जाकर माहौल सामान्य हुआ।
तनाव को देखते हुए मौके पर 14 थानों की फोर्स, चार सीओ, दो कंपनी पीएसी और एसपी क्राइम रात भर डटे रहे। देर रात एसएसपी भी मौके पर पहुंचे थे।