वाराणसी में पिछले दिनों मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी के रहने वाले अवतार सिंह को मारपीट कर उनकी पगड़ी को कुछ मनबढ़ों ने खोल दिया। जिससे आक्रोशित सिख समुदाय ने बुधवार को मंडुवाडीह थाने पहुंचकर विरोध जताया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह देर रात मंडुवाडीह रेलवे क्रासिंग स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने पहुंचे। वहां पहले से मौजूद वहीं के निवासी भुल्लू और मुल्लू से किसी बात पर बहस होने लगी। कुछ देर में दोनों ने अवतार सिंह को मारना-पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट के दौरान दोनों ने अवतार की पगड़ी खोल दी। अवतार सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी और धार्मिक भावना से खिलवाड़ करने संबंधी मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से क्षुब्ध सिख समुदाय के लोग बुद्धवार को अपराह्न व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा के नेतृत्व में थाने पहुंचकर विरोध करने लगे। थाना प्रभारी ने दोनों आरोपी की गिरफ्तारी करने की बात बताई, तब जाकर उन सभी का गुस्सा ठंडा पड़ा।