वाराणसी। पूर्वांचल के सराफा कारोबारियों को लूटने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गुरुवार को लहरतारा स्थित न्यू लोको कालोनी से क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ में सिगरा, शिवपुर, भेलूपुर के अलावा जौनपुर के बरसठी में हुई लूट समेत आधा दर्जन से अधिक घटनाओं का खुलासा हुआ है।
उनकी निशानदेही पर करीब दस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और 72 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। लुटेरों को दबोचने वाली क्राइम ब्रांच की टीम को आईजी ने पंद्रह हजार, डीआईजी ने साढ़े बारह हजार और एसएसपी ने पांच हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।
गुरुवार को यातायात पुलिस लाइन में डीआईजी एसके भगत और एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि क्राइम ब्रांच को लुटेरों के लहरतारा क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सटीक जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम लहरतारा पहुंची और घेराबंदी कर सात लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
ये लुटेरे शहर के एक प्रतिष्ठित स्वर्ण प्रतिष्ठान और साइकल व्यवसायी के यहां लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। तलाशी में उनके पास से पिस्टल, रिवाल्वर और तमंचा बरामद हुआ। डीआईजी और एसएसपी ने बताया कि लुटेरों का यह गिरोह पूर्वांचल में खास तौर से सराफा कारोबारियों को निशाना बनाता था।
लूटे गए गहनों को बेचने के बजाय उसे गिरवी रखकर पैसे हासिल करते थे ताकि किसी को कोई शक न हो। पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। इस गैंग को भदोही के चौरी का ग्राम प्रधान संतोष यादव असलहा मुहैया कराता था। शिवपुर का दीपक सेठ गिरोह को सराफा कारोबारियों के बारे में सूचनाएं देता था।
गिरफ्तार बदमाश और दर्ज मुकदमे
हत्थे चढ़े लुटेरों के गैंग का सरगना अनित मिश्र उर्फ पिंकू है, जो वाराणसी के शिवपुर, दनियापुर का मूल निवासी है। वह भेलूपुर विरदोपुर के अपार्टमेंट चतुर्थ तल पर रहता है। विभिन्न थानों में उस पर लूट के नौ मुकदमे दर्ज हैं। जबकि चोलापुर के प्रेमनगर निवासी त्रिभुवन राजभर और सोनभद्र के चोपन, पटवध निवासी कुलदीप मौर्या पर लूट सहित अन्य अपराधों में नौ-नौ मुकदमे दर्ज हैं। जौनपुर के अदारी मीरगंज निवासी चंद्रसेन गिरी पर लूट, डकैती समेत आठ, ढिठोरी मोहाल अर्दली बाजार वाराणसी कैंट निवासी मनव्वर उर्फ बिहारी, जौनपुर के मछलीशहर, तिलोरा निवासी अजय यादव, जौनपुर के ही पिलकथुवा बरसठी निवासी तालुक उर्फ तालुकदार यादव पर दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
असलहे के साथ इंडिगो कार, दो बाइक बरामद
बदमाशों के कब्जे से पिस्टल, रिवाल्वर, तमंचा के अलावा टाटा इंडिगो कार और दो बाइक बरामद की गई है। एसपी क्राइम राहुल राज और इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह चंदेल की अगुवाई में क्राइम ब्रांच की पूरी टीम को डीआईजी एसके भगत ने इस कामयाबी के लिए सराहा। यह भी कहा कि जो भी दरोगा, इंस्पेक्टर अच्छा कार्य करेंगे उन्हें उनके मनचाहे थाने का प्रभारी बनाकर इनाम दिया जाएगा।