सपा विधायक के नाम से धमकाने वाला आडियो वायरल
होश में रहकर बात करो, नहीं तो आकर सिखा दूंगा। शकील हमारे बड़े भाई हैं... उनसे कायदे से व्यापार करो। ये धमकी ये धमकी आजमगढ़ जिले के गोपालपुर से सपा विधायक नफीस अहमद के नाम से बिलरियागंज के एक व्यापारी को दी गई है। इसका ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मचा है।
जिले में रविवार को गोपालपुर के सपा विधायक के नाम से बिलरियागंज के व्यापारी को हड़काने का ऑडियो जारी होते ही हड़कंप मच गया। ऑडियो में अपने आप को विधायक बताने वाला शकील नाम के व्यापारी को अपना बड़ा भाई बता रहे हैं और व्यापारी से शकील के साथ की गई बदतमीजी के बारे में पूछ रहे हैं।
व्यापारी के विरोध करने पर वो होश में रहने की धमकी देते हुए आकर सिखाने की बात कह रहे हैं। व्यापारी विशाल जायसवाल ने बताया कि वो एक तेल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर है। शहर निवासी शकील सुपर स्टाकिस्ट हैं। उन्हीं से वो माल लेता है।
विशाल ने उन्हें तेल के लिए आर्डर दिया था, लेकिन आरोप है कि शकील की ओर से दो रुपये कम मूल्य वाला माल भिजवा दिया गया। एतराज जताने और माल वापस लेने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विशाल का आरोप है कि शकील ने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी। इसी दिन 25 जून को खुद को गोपालपुर का विधायक बताने वाले ने उन्हें फोन कर धमकी दी थी। विशाल ने आरोप लगाया कि विधायक के अलावा अन्य रसूखदारों ने भी उन्हें दूकान सील कराने की धमकी दी।
कहा कि जल्द ही मामले की तहरीर दी जाएगी।