घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : amar ujala
यूपी में अपराध पर नियंत्रण के तमाम दावे खोखले नजर आ रहे हैं। आए दिन किसी न किसी जिले में हत्या, लूट जैसी वारदातें हो रही हैं। अब गाजीपुर में बीती रात एक सपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार की सुबह उनकी लाश नहर से बरामद की गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमानिया कोतवाली के देवढी गांव निवासी प्रमुख समाजसेवी व सपा नेता श्रीप्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना दादा (48) शुक्रवार की देर शाम आठ बजे कस्बा बाजार से बाइक से अपने गांव के लिए निकले। बीच में उन्होंने स्टेशन के पास चाय पी।
इसके बाद मदनपुरा गांव से होते हुए लावा-छावा माइनर के बगल की सड़क से घर जा रहे थे। तभी किसी ने उन्हें पीछे से गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से वह बाइक सहित नहर में गिर गए। खुद जख्मी होने और ऊपर से बाइक के गिर जाने से वे नहर से बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी मौत हो गई।
शनिवार की सुबह छह बजे टहलने निकले लोगों ने नहर में बाइक देख इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी होने के बाद भी पुलिस कई घंटे बाद वहां पहुंची। पुलिस ने बाइक को जैसे ही बाहर निकालना चाहा मुन्ना दादा का शव भी ऊपर आ गया। उन्हें पीठ में गोली मारी गई थी।
सीओ जमानिया आरबी सिंह ने बताया कि मृत मुन्ना दादा के पुत्र वीर बहादुर सिंह की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दो टीमें गठित की गई हैं। बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।