आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर जिले में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान गुरुवार को लोहता पुलिस ने 40 लाख रुपये जब्त किए। कपसेठी पुलिस ने 50 लाख रुपये नगद और फूलपुर पुलिस ने 2.77 किलोग्राम सोने के जेवर पकड़े लेकिन छानबीन और तस्दीक के बाद उन्हें छोड़ दिया। बलिया के बहेरी चट्टी के समीप एक दवा कारोबारी का एक लाख 82 और गाजीपुर में एक कार से 2 लाख 27 हजार नकदी जब्त की गई।
सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया कि वाराणसी से भदोही जा रही एक इंडिगो कार की तलाशी के दौरान उसकी डिक्की से 40 लाख रुपये नगद बरामद हुए। खुद को एक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताने वाले कार चालक मयंक श्रीवास्तव रुपयों के बारे में कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने धनराशि जब्त कर ली। अधिकारियों की टीम ने मयंक से पूछताछ की। उधर, कपसेठी चौराहे पर वाराणसी से भदोही जा रही कैशवैन में रखे बक्से से पुलिस ने 50 लाख बरामद किए। थाने में हुई पूछताछ में सामने आया बरामद रुपये एक निजी बैंक के हैं और उन्हें मिर्जापुर व भदोही की शाखाओं में पहुंचाने के लिए ले जाया जा रहा था।
बैंक कर्मियों ने इसके कागजात प्रस्तुत किए तो वैन को जाने दिया गया। तीसरा मामला फूलपुर थाना क्षेत्र का है। करखियांव स्थित डिग्गी बार्डर पर पैदल जा रहे एक युवक के बैग से 2.77 किलोग्राम सोने के जेवरात बरामद किए गए। बताया जाता है कि वह पहले कार में सवार था लेकिन जब तलाशी होती देखी तो कार से उतरकर पैदल जाने लगा। इस पर पुलिस को शक हुआ और रोककर उसकी तलाशी ली। बरामद जेवरात जौनपुर के एक सराफा कारोबारी के थे। कारोबारी के कागज प्रस्तुत करने पर जेवरात छोड़ दिए गए।