उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में चलती ट्रेन से एक छात्र को धक्का देने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी के कमांडेंट ऋषि पांडेय ने आरोपी तीन सिपाहियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। इन सिपाहियों में वीरेंद्र कुमार, विजय कुमार राय और धर्मेंद्र सिंह को दोषी पाया गया।
सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सिपाहियों के निलंबन आदेश से आरपीएफ निरीक्षक को भी अवगत कराया गया है।
शुक्रवार को युसूफपुर-शहबाजकुली रेलवे स्टेशन के बीच मीरगंज रेलवे क्रासिंग के पास सद्भावना अप ट्रेन से छात्र संजय कुमार बिंद(25) को आरपीएफ के जवानों ने चेन पुलिंग का आरोप लगाते हुए चलती ट्रेन से धक्का देकर गिरा दिया था। युवक को नंदगंज थाने के टड़वां गांव जाना था। ट्रेन से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।