शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों को शनिवार को एसएसपी नितिन तिवारी ने कड़ी हिदायत दी। दो टूक कहा कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिए जाएं अन्यथा न सिर्फ बलपूर्वक अतिक्रमण ध्वस्त कराया जाएगा बल्कि मुकदमा दर्ज कर संबंधितों को जेल भी भेजा जाएगा।
कचहरी गोलघर, अंधरापुल, चौकाघाट चौराहा और मरी माई तिराहा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यह हिदायत दी। बताया कि सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट सिस्टम लगाए जाने हैं।
इसके अलावा ट्रैफिक को सुगम बनानेे के लिए आवश्यकतानुसार डेलिनेटर और डिवाइडर की व्यवस्था की जानी है। अतिक्रमण हटाए बिना ट्रैफिक सिस्टम से जुड़ी कार्ययोजना को लागू कर पाना संभव नहीं होगा।
एसएसपी न्रे सीओ कैंट राजकुमार यादव और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो कहने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में बिल्कुल देर न की जाए।
सीओ ट्रैफिक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि शहर के अलग-अलग स्थान से ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में 16 वाहन सीज किए गए। 116 वाहनों का चालान किया गया और 64 वाहनोें से 96800 रुपये जुर्माना वसूला गया।