बीएचयू में छात्रा के साथ हुई छेड़खानी का मामला निपट भी नहीं पाया था कि फिजी के बीए प्रथम वर्ष कला संकाय के एक छात्र के साथ रैगिंग की घटना हो गई।
फिजी निवासी छात्र मुनीश क्रिसनील सामी ने एलबीएस हॉस्टल के कुछ छात्रों पर रैगिंग और मारपीट का आरोप लगाते हुए कला संकायाध्यक्ष, छात्र कल्याण अधिष्ठाता और चीफ प्रॉक्टर से की है।
शिकायत पर लंका पुलिस ने चार अज्ञात छात्रों के विरुद्ध मारपीट, हमला, धमकाने और अपमानित करने का मामला दर्ज कर लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को एंटी रैगिंग सेल को भेज दिया है।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय और मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने भी घटना का संज्ञान लिया है। विदेशी छात्र मुनीश ने बताया कि 13 अक्तूबर को जब वह कला संकाय से क्लास कर लौट रहा था तभी एक छात्र ने उसे रोका।
जब उससे रास्ता रोकने की वजह पूछी तो कहा कि जूनियर हो, फिर भी सीनियर का आदर करना नहीं जानते। मुनीश का कहना है कि उन छात्रों ने खुद को सर बोलने को भी कहा। इस पर जब उसने कहा कि हम सब छात्र एक बराबर हैं तो तीन और लोग आए और उसे थप्पड़ मारने लगे।