आदमपुर और रोहनिया में पुलिस ने किया बरामद
- फोटो : प्रतिकात्मक फोटो
आदर्श आचार संहिता के मद्देनजर पुलिस की वाहन चेकिंग में सोमवार को आदमपुर और रोहनिया थाना क्षेत्र से बैंककर्मी और व्यापारी से 11 लाख रुपये बरामद हुए।
कागजात प्रस्तुत न करने पर रुपये जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी गई। पूछताछ कर दोनों को छोड़ दिया गया। बरामद रुपये में से छह हजार छोड़कर बाकी नोट दो हजार के हैं।
एसएसपी नितिन तिवारी के अनुसार आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल के समीप इंस्पेक्टर अशेषनाथ सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
मुगलसराय की ओर से आती बोलेरो को रुकवाया तो उसमें सवार सिद्धार्थ नगर जिले के बांसी के मूल निवासी एवं पांडेयपुर क्षेत्र में रहने ओमप्रकाश के पास से दस लाख रुपये मिले।
आदमपुर पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश चंदौली के चहनिया स्थित को-आपरेटिव बैंक के मैनेजर हैं। उनका कहना था कि वे रुपये तेलियाबाग स्थित मुख्य शाखा के चेस्ट में जमा करने जा रहे थे।
आयकर अधिकारियों ने ओमप्रकाश से रुपयों के संबंध में कागजात प्रस्तुत करने को कहा है।
उधर, वाराणसी-मिर्जापुर सीमा पर स्थित रोहनिया थाना क्षेत्र के करसड़ा में वाहन चेकिंग के दौरान अखरी पुलिस चौकी प्रभारी पर्व कुमार सिंह ने चुनार जा रही पिकअप सवार मुर्गा व्यापारी इस्माइल से एक लाख रुपये बरामद किया।
इस्माइल आजमगढ़ के रानी की सराय क्षेत्र के सोनवारा का निवासी है।