घायल जीतेंद्र जिला अस्पताल मे इलाज कराते हुए।
- फोटो : rajesh
बेतियाहाता के एक स्कूल में छुट्टी का समय पूछने पर शुरू हुए विवाद में मारपीट हो गई। इतना ही नहीं ईंट पत्थर चल गए और एक अभिभावक का सिर फूट गया। अभिभावक का आरोप है कि स्कूल परिसर में स्थित मंदिर के पुजारी ने ही उनका सिर फोड़ा है। उधर, पुजारी अभिभावक पर आरोप लगा रहे हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पुजारी को हिरासत में ले लिया लेकिन शाम तक दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया।
बेतियाहाता का रहने वाला तीसरी का छात्र पास के ही एक स्कूल में पढ़ता है। छात्र के मुताबिक वह सुबह आठ बजे स्कूल खुलने की जानकारी लेने के लिए गया हुआ था। इसी समय स्कूल परिसर में स्थित मंदिर के पुजारी आ गए और पूछने पर पुजारी ने छात्र को अपशब्द बोल दिया। विरोध किया तो पिटाई कर दी। इसके बाद वह घर मामा जीतेंद्र प्रसाद को इसकी जानकारी दी। जीतेंद्र स्कूल पहुंच गए और पुजारी से पिटाई के बारे में पूछा।
आरोप है कि इस बीच दोनों में कहासुनी काफी बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पुजारी और उनके पक्ष के लोगों ने जीतेंद्र पर हमला कर दिया। इससे उनका सिर फूट गया। इसके बाद छात्र ने अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद जीतेंद्र के साथी और मोहल्ले के लोग पहुंच गए और मंदिर पर पथराव शुरू कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कैंट पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। घायल जीतेंद्र को पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार कराया। उधर, पुजारी योगी हनुमान नाथ ने बच्चे को पीटने या अपशब्द कहने की बात से इन्कार किया। उन्होंने बताया कि बच्चे से उन्होंने सिर्फ यही कहा था कि वह स्कूल के कर्मचारी नहीं है। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी ने बताया कि अभिभावक का उपचार कराने के साथ ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। दोनों पक्ष ने आपस में सुलह कर लिया है।