नई दिल्ली से पटना जा रही राजधानी एक्सप्रेस में नौ अप्रैल को गाजीपुर जिले के गहमर स्टेशन के पास हुई डकैती का जीआरपी ने खुलासा कर दिया है।
विज्ञापन
बदमाशों ने ट्रेन को रोकने के लिए पटरियों के ज्वाइंट के बीच सिक्का डालकर सिग्नल को लाल किया था और बोगियों के दरवाजे के बीच की फुट प्लेट उठा कर ट्रेन में घुस गए थे।
इस मामले में पांच लोगों को बक्सर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस महानिदेशक रेलवे ने खुलासा करने वाली टीम को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन
जीआरपी इलाहाबाद के एसपी कविन्द्र प्रताप सिंह, पटना जीआरपी के एसपी जितेंद्र मिश्र और दानापुर कमांडेंट ने गुरुवार को मुगलसराय जीआरपी सभागार में पत्रकारों को बताया कि नौ अप्रैल की भोर में सवा तीन बजे गहमर स्टेशन के पास 12310 डाउन नई दिल्ली पटना राजधानी एक्सप्रेस की तीन बोगियों में लूट पाट हुई थी।
इसे गंभीरता से लेते हुए जीआरपी सीओ बलिया त्रिपुरारी पांडेय और जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
जांच पड़ताल में बक्सर के नारमन टोला निवासी राजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। बताया कि ट्रेन रुकने के बाद बदमाश बोगियों को जोड़ने वाले दरवाजे की फुट प्लेट को उठाकर ट्रेन में घुस गए थे और लूटपाट कर बोगी का दरवाजा खोल कर उतर गए।
इस मामले में फतेह हुसैन निवासी कटहिया पुल जज कालोनी, बक्सर, ओमप्रकाश उर्फ सावन बाबा निवासी चुरामनपुर औद्योगिक नगर बक्सर बिहार, चंदन कुमार निवासी बालापुर बक्सर और चोरी का माल खरीदने वाले स्वर्णकार किशन सोनी को गिरफ्तार कर उनके पास से बीस हजार रुपये नकद, पांच सौ ग्राम नशीला पाउडर, दो मोबाइल, सोने की चेन, झुमका, गलाया गया सोना सहित अन्य सामान बरामद हुए। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी अतुल्य कुमार, भदोही जीआरपी प्रभारी केदारनाथ मौर्य, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, पीके राय आदि रहे।