पुलिस ने आरोपी पत्नी के साथ प्रेमी को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बीते 20 जनवरी को मऊ जिले के जमीन सहरुल्लाह गांव में हुई लूट और हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि पत्नी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी के संग मिलकर लूट का स्वांग रचा था।
हत्या में शामिल आरोपी महिला के साथ उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कम समय में घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली स्वाट टीम को मऊ एसपी ने पांच हजार रुपये ईनाम दिया है।
पुलिस कार्यालय में बुधवार को प्रेसवार्ता में एसपी मुनिराज ने यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी की रात सहरुल्लाह गांव निवासी अरमान पुत्र के घर में लूट की घटना की सूचना मिली, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
इस दौरान पता चला कि लुटेरे अरमान की पत्नी सायमा के शरीर से आभूषण लूटने के बाद उसके पति अरमान को साथ लेकर गए। दूसरे दिन अरमान की लाश गांव के बाहर खेत से बरामद हुई। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई।
जांच में यह पता चला कि लूट और हत्या एक साजिश है। सायमा के प्रेमी ने अपने चचेरे भाई वासीत के साथ मिलकर अरमान को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारोपी सद्दाम और वासीत के साथ आरोपी पत्नी सायमा को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही लूटे गए चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण भी बरामद कर लिया गया। एसपी मुनिराज ने बताया कि घटना के समय मौके पर जाने के बाद से ही इसमें साजिश की बू आ रही थी।