अवैध रिवॉल्वर, पिस्टल, कारतूस, चोरी की दो बाइक, चार मोबाइल और नगदी बरामद
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में पुलिस के क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। शहर के फुलवरिया गेट नंबर पांच के समीप घोसियाना मैदान पर क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
ये तीनों एक वारदात को अंजाम देने के लिए जमा हुए थे। इनकी शिनाख्त बड़ी पियरी के राजू अली उर्फ इशरत व शुभम सेठ उर्फ गोलू और आदमपुर के कोयला बाजार के सोना केसरी उर्फ पवन के तौर पर हुई है।
इनके पास से अवैध देशी रिवाल्वर व .32 बोर की पिस्टल, सात कारतूस, चोरी की दो बाइक, चार स्मार्ट फोन और पंद्रह सौ रुपये बरामद हुए हैं। तीनों के खिलाफ सिगरा, कैंट और कोतवाली थाना में लूट और आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोप में नौ मुकदमे दर्ज हैं।
तीनों ने बताया कि बीते साल 18 अक्तूबर को उन्होंने रमरेपुर में शराब कारोबारी को गोली मारकर रुपये से भरा बैग लूट लिया था।
एसएसपी नितिन तिवारी ने पुलिस लाइन में बताया कि जेल से जमानत पर छूटे सोना केसरी और राज अली ने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए घोसियाना मैदान में शुभम को बुलाया था।
क्राइम ब्रांच प्रभारी ओम नारायन सिंह ने अपनी टीम के एसआई राकेश सिंह और अन्य के साथ घेरेबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात रमरेपुर में शराब कारोबारी शशि जायसवाल को लूटने की योजना बड़ी पियरी निवासी अनुराग पांडेय और राज पांडेय की रेकी पर बनाई गई थी।
वारदात को अंजाम देने में राज, शुभम और सोना के साथ बड़ी पियरी का लोटन भी शामिल था। बताया कि अब एक सर्राफ को लूटना था। एसएसपी ने बताया कि लोटन, राज और अनुराग को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।