चौक डकैती के मास्टर माइंड फैजान सहित चार आरोपी पहले ही कर चुके हैं सरेंडर
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के ठठेरी बाजार मोड़ स्थित संजय अग्रवाल की सराफा दूकान में डकैती डालने के एक और आरोपी अमन सोनी ने मंगलवार को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सरेंडर कर दिया। अदालत ने अमन का न्यायिक रिमांड बनाने के बाद उसे जेल भेज दिया।
यह लगातार चौथी बार है जब अपराधी चौक पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर करने में सफल हुए हैं। डकैती की इस वारदात के मास्टर माइंड फैजान सहित तीन आरोपी पहले सरेंडर कर चुके हैं। अमन के सरेंडर की जानकारी मिलने पर चौक पुलिस उसे कस्टडी रिमांड पर लेने की कवायद में जुट गई है।
खास बात यह रही कि पुलिस को चारों बदमाशों के सरेंडर की भनक तक नहीं लग पाई। जबकि, डकैती की बड़ी वारदात के बाद क्राइम ब्रांच और एसटीएफ समेत पुलिस की 16 टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थीं।
पूर्वांचल के दूसरे जिलों से कई एक्सपर्ट इंस्पेक्टरों को यहां बुलाया गया था। इतना सबके बावजूद बदमाशों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी में पुलिस की नाकामी चर्चा का विषय बनी हुई है।
बता दें कि बीते आठ अप्रैल को ठठेरी बाजार मोड़ स्थित संजय अग्रवाल की सराफा दूकान में घुसे दस बदमाश साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा कीमत के जेवरात लूट ले गए थे। पुलिस अब तक लगभग एक किलोग्राम सोना बरामद कर पाई है।
चौक पुलिस को चकमा देकर अब तक डकैती के मास्टर माइंड फैजान, सलमान उर्फ पप्पू नाटे, अल्ताफ और अमन सरेंडर कर चुके हैं।