बनारस में भैंस की नाद का पानी दूसरे की जमीन में गिराने को लेकर रविवार को दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। लाठी के वार से एक पक्ष के कल्लू (70) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वारदात को लेकर कल्लू के बेटे शिवप्रकाश की तहरीर पर दल्लू और उसके दो बेटों रामकिशुन व मदीना के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।
चोलापुर थाना अंतर्गत चंदापुर गांव स्थित हरिजन बस्ती में दल्लू की बहू संगीता ने भैंस के नाद का पानी पड़ोस के पट्टीदार कल्लू की जमीन पर गिरा दिया। इस पर नाराजगी जताते हुए कल्लू और उसकी पत्नी सुंदरा की दल्लू की बहू से कहासुनी होने लगी।
कहासुनी की जानकारी पाकर दल्लू के बेटे रामकिशुन व मदीना मौके पर पहुंचे गए और सुंदरा पर लाठी से वार कर दिए। कल्लू अपनी पत्नी सुंदरा को संभाल ही रहा था कि दोनों ने उसकी गर्दन पर भी लाठी से वार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गर्दन पर लाठी का वार कल्लू सह न सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बगैर पोस्टमार्टम के ही बताने लगे हार्टअटैक से हुई मौत
demo pic
सौ नंबर पर मिली सूचना के आधार पर पहुंची चोलापुर पुलिस कल्लू को नजदीक के निजी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, कल्लू की मौत के बाद दल्लू और उसके दोनों बेटे घर से भाग निकले।
उधर, कल्लू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए बगैर चोलापुर थानाध्यक्ष ने मौत की वजह हार्टअटैक बताया। वहीं, ग्रामीणों का कहना था कि लाठी के वार से बुजुर्ग कल्लू की मौत हुई है। ग्रामीणों का कहना था कि बगैर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आए बगैर भला चोलापुर थानाध्यक्ष यह कैसे बता सकते हैं कि कल्लू की मौत कैसे हुई।