आशापुर पुलिस पिकेट से महज सौ मीटर दूर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में घुसे चोर शनिवार की रात दो लॉकर को गैस कटर से काटकर करीब 15 लाख के गहने चुरा ले गए। सोमवार की सुबह जब बैंक खुला तो कर्मचारियों को चोरी का पता चला। बैंक की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने सबसे पहले सर्वर रूम में बिजली का कनेक्शन काट दिया।
इससे सीसीटीवी कैमरे ने काम करना बंद कर दिया और अलार्म भी नहीं बजा। लॉकर रू म का दरवाजा गैस कटर से काटने के बाद चोरों ने दो लॉकर काटे और उनमें रखे जेवर चुरा ले गए। मौके से चोरों का एक बैग बरामद किया गया। हालांकि वो खाली था।
सूचना के बाद सोमवार की सुबह एसएसपी आकाश कुलहरि भी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड पास की हरिजन बस्ती तक जाने के बाद भटक गया। इसी बैंक में दो साल पहले भी चोरी का प्रयास किया गया था। इसके बाद भी यहां गार्ड की तैनाती नहीं की गई।
आशापुर-गाजीपुर मार्ग पर आशापुर चौराहे से महज सौ मीटर दूर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। 25 से 27 सितंबर तक बैंक बंद था। बैंक के कर्मचारी सोमवार की सुबह करीब दस बजे बैंक पहुंचे तो अंदर का हाल देख सन्न रह गए। लॉकर रूम के लोहे के दरवाजे को काट दिया गया था।
लोहे के पत्तर जमीन पर पड़े थे। खिड़की टूटी हुई थी। सर्वर रूम अस्त-व्यस्त था। बिजली कनेक्शन काट दिए गए थे। जांच में पता चला कि बैंक में लगे चारों सीसीटीवी कैमरे 26 सितंबर यानी शनिवार की रात 12:16 बजे के बाद से बंद हैं। बैंक मैनेजर बृजेश सिंह का कहना था कि चोरी शनिवार की रात ही हुई है।
चोर बैंक के पिछले हिस्से की जर्जर खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। बिजली कनेक्शन काटने के बाद लॉकर रूम के मुख्य दरवाजे को गैस कटर से काटा और दूसरे दरवाजे की ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे। अंदर घुसकर लॉक र नंबर 43 और 82 को काट दिया।
43 नंबर लॉकर आशापुर की बीना जायसवाल और 82 नंबर सारनाथ के अभय जैन का है। अभय का कहना है कि उनके लॉकर से चोर चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी के सिक्कों समेत करीब दो लाख के जेवर और बीना के मुताबिक उनके लॉकर से छह हार, तीन सेट चूड़ी, 30 अंगूठी, दो झुमके, दो मांगटीके समेत करीब 13 लाख के गहने चुरा ले गए। एक हार समेत कुछ गहने लॉकर में पड़े मिले।
पुलिस टीम के साथ पहुंचा डॉग स्क्वॉड बैैंक से होकर पहले पीछे गया और फिर बाद में आशापुर हरिजन बस्ती में पप्पू के घर तक गया। यहां एक हैंडपंप के पास जाकर वह भटक गया। एसएसपी आकाश कुलहरि का कहना है कि पुलिस को जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।