यूपी के आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क के किनारे बेतरतीब खड़े ट्रक में एक तेज रफ्तार बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से उनकी शिनाख्त की। दंपती डाक्टर से दवा लेकर घर लौट रहे थे।
चाय दूकानदार सत्यप्रकाश कसौधन (37) संतकबीर नगर आजमगढ़ के घनघटा थाना क्षेत्र के औराडांढ़ गांव का निवासी था। उसकी पत्नी अनीता (35) की तबियत खराब रहती थी। उसका इलाज मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव बाजार के डॉक्टर से हो रहा था।
मंगलवार को सत्यप्रकाश पत्नी और सात वर्ष की बेटी रोशनी को लेकर सठियांव बाजार आया था। वापसी में मुबारकपुर मोड़ के समीप उसकी बाइक सड़क के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। इससे सत्य प्रकाश और उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई । सत्यप्रकाश की पहचान उसके मोबाइल से हुई इसके बाद पुलिस ने उसके घर वालों को सूचना दी और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सत्यप्रकाश को एक पुत्र और दो बेटियां हैं।