देश की शीर्षस्थ खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनॉलिसिस विंग (रॉ) का एसएसपी बन कर कंदवा के कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में पुलिस कर्मियों पर रौब जमा रहे अनघ पांडेय को सोमवार की शाम गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में उसके पास से रॉ एसएसपी, यूनिवर्सल न्यूज एजेंसी और जेल मैनुअल के तहत उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति लखनऊ का फर्जी परिचय पत्र बरामद हुआ है। पुलिस ने अनघ का कूटरचना सहित अन्य आरोपों में चालान कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश कुलहरि ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों को बताया कि महाशिवरात्रि की शाम कर्दमेश्वर महादेव मंदिर में एसआई राकेश कुमार तिवारी, कांस्टेबल सोनू सिंह, राजकुमार तिवारी, मुनींद्र पांडेय और मुमताल अहमद ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवक आया और खुद को रॉ का एसएसपी बताते हुए पुलिस कर्मियों पर रौब झाड़ते हुए उनकी ड्यूटी में व्यवधान पैदा करने लगा। सूचना मिलने पर मंडुवाडीह थानाध्यक्ष फरीद अहमद मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने उसे थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसकी शिनाख्त मंडुवाडीह थाना अंतर्गत चितईपुर क्षेत्र की मीरा नगर कॉलोनी निवासी अनघ पांडेय के तौर पर हुई। तलाशी में उसके पास से तीन परिचय पत्र बरामद हुए। पुलिस अनघ से जुड़े अन्य पहलुओं की भी छानबीन में जुटी है।