चंदौली जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ सदर कोतवाली में पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
पीड़ित किशोरी कक्षा 12वीं की छात्रा है। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार की दोपहर वह स्कूल की बस से वापस घर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक उसका पीछा करने लगा। इसी बीच गांव से कुछ दूर पहले बस से उतरने के बाद सुनसान देखकर युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दी।
विरोध करने के बाद युवक उसे धमकी देने लगा। किसी प्रकार से वह अपने घर पहुंची और परिवार के लोगों को आपबीती सुनाई। दोपहर बाद पिता पुत्री को साथ लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
सीओ त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।