यूपी के मऊ जिले में किशोरी को फेसबुक पर अश्लील संदेश भेजने एवं छेड़खानी के मामले में पुलिस ने एक युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़िता के तहरीर के मुताबिक गांव के ही इदरीश तथा अशरफ दोनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। अशरफ विदेश में नौकरी करता है जबकि इदरीश गांव में ही रहता है। पीड़िता की माने तो इदरीश आए दिन उसके साथ छेड़खानी किया करता था।
चार दिन पहले किशोरी के घर पर जब परिवार का कोई सदस्य नहीं था, तो उसने घर में घुसकर किशोरी के साथ छेड़खानी की और दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह भागकर किशोरी ने अपनी अस्मत बचाई। इस बात को उसने घरवालों को बताया तो वह अपनी इज्जत बचाने के लिए चुप रहे।
लेकिन हद तो तब हो गई जब विदेश में रह रहे अशरफ ने फेसबुक पर लड़की का नाम लेकर अश्लील शब्द पोस्ट किए और गांव के कुछ युवकों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया। जब इस बात की खबर पीड़ित किशोरी के परिजनों को हुई तब उन्होंने थाने की शरण ली और दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में सीओ मधुबन श्वेता आशुतोष ओझा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।