छिनैती के शिकार सेवानिवृत्त इंजीनियर
- फोटो : अमर उजाला
समाधान दिवस पर शनिवार को कैंट थाने में कप्तान फरियाद सुन रहे थे। इसी दौरान इसी थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने रेलवे के रिटायर्ड इंजीनियर शिव प्रकाश सिंह से 50 हजार रुपये छीन लिए।
भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े सरेराह हुई छिनैती की जानकारी पाकर कप्तान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैंट इंस्पेक्टर कैंट को जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास की दूकानों और बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही लेकिन देर शाम तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
वारदात के दौरान महावीर मंदिर पिकेट ड्यूटी पर कोई पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं था। टकटकपुर क्षेत्र की हंस नगर कॉलोनी निवासी शिव प्रकाश सिंह शनिवार को महावीर मंदिर स्थित इलाहाबाद बैंक पहुंचे।
करीब 11 बजे वे बैंक से 50 हजार रुपये हैंडबैग में लेकर घर की ओर पैदल ही बढ़े। वे घर से थोड़ा पहले सोनकर नगर कॉलोनी मोड़ पर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाकर बैठे पल्सर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके करीब आए और उनके हाथ से हैंडबैग छीनकर अर्दली बाजार की ओर भाग निकले।
बुजुर्ग शिव प्रकाश सिंह ने शोर मचाया लेकिन बदमाश पकड़े नहीं पकड़े जा सके। पुलिस के अनुसार बदमाशों के साथी बैंक से ही शिव प्रकाश सिंह के पीछे लगे थे।