उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक युवक से दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ पीड़ित युवक ने पुलिस को सूचना दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
भदोही के नई बाजार का निवासी एक युवक बुधवार दोपहर में बाइक से जा रहा था। युवक के पास रुपये से भरा एक बैग भी था। इसके बाद युवक जैसे ही शहर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल-रजपुरा मार्ग के हरियांव गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से बाइक सवार बदमाश आ गए।
बदमाशों ने उसकी बाइक को धक्का मार दिया। जिससे युवक गिर कर घायल हो गया। इसके बाद बाइक सवार बदमाश बैग में रखा 1.80 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। बता दें कि लूट का शिकार हुआ युवक एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।