एंबुलेंस से अस्पताल जाती झुलसी विवाहिता
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। पत्नी को नहीं पता था कि पति को शराब पीने से मना करना उसे इतना भारी पड़ जाएगा कि उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ जाएगा।
बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी केदार यादव की पुत्री धनावती देवी(33) की शादी 12 वर्ष पहले रामपुर गांव निवासी रमेश यादव के साथ हुई है। शादी के बाद एक पुत्री और चार पुत्र हुए। विवाहिता का आरोप है कि उसके पति को शराब की लत है। नशे में वह अक्सर पत्नी के साथ मार-पीट करता रहता है।
पीड़िता के ने बताया कि रविवार की रात उसने पति को शराब पीने से मना किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पत्नी के शरीर को कई जगह गर्म चिमटे से दाग दिया। पीड़िता ने पास के अमड़ा गांव में ब्याही बहन रमावती को फोन कर इसकी सूचना दी।
रमावती ने यूपी 100 पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने विवाहिता को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर पहुंचे केदार यादव ने थाने में रमेश यादव के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।