यूपी के आजमगढ़ में एक युवती से पहले रेप किया गया फिर उसकी हत्या करके शव को खेत में फेंक दिया गया। सूचना के तीन घंटे बाद पुलिस के पहुंचने से लोग नाराज हो गए और पुलिस का घेराव कर उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
देवगांव कोतवाली के एक गांव की युवती शनिवार की सुबह धान की रोपाई करने निकली थी। शाम तक घर न पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए। इसके बाद आसपास और परिचितों के यहां युवती की तलाश की गई। रिश्तेदारों के यहां भी पता किया गया।
खोजबीन के दौरान शाम सात बजे गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास युवती के कपड़े और मोबाइल फोन मिले। जबकि उसकी लाश पानी से भरे खेत में पड़ी थी। देखने से पता चल रहा था कि युवती के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई है।