आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज बाजार में शुक्रवार की रात किशोर ठेला चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को ला रहे घरवालों ने कप्तानगंज के पास फैजाबाद-आजमगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे एसओ ज्ञानेश्वर मिश्रा ने घरवालों को आर्थिक मदद कर जाम समाप्त करवाया। पंद्रह दिन पहले ठेला गायब होने पर विवाद हुआ था। किशोर के पिता ने साथी ठेला चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के बाद से ही आरोपी ठेला चालक फरार है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी सूरज निषाद (15) पुत्र सूबेदार पांच भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई बाहर नौकरी करता है, जबकि पिता पंक्चर की दूकान चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने पर सूरज पढ़ाई छोड़कर ठेला चलाने लगा था।
करीब पंद्रह दिन पहले सूरज का ठेला चोरी हो गया। खोजबीन के दौरान पता चला कि ठेला उसके दोस्त कप्तानगंज बाजार निवासी कृष्णानंद गुप्ता के पास है। सूरज ने कृष्णानंद से अपना ठेला मांगा, उसने जब नहीं दिया तो कप्तानगंज थाने में तहरीर दी।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कृष्णानंद ने सूरज का ठेला दिया था। इसी के बाद दोनों की दोस्ती में दरार पड़ गई।