वाराणसी में बुधवार को बदमाशों ने तहसील में मुंशी का काम करने वाले पर फायरिंग कर दी। गोली बांए हाथ लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।
जिले के राजतालाब तहसील में मुंशी का काम करने वाले जटाशंकर यादव उर्फ नखड़ू (40) के ऊपर भीमचंडी गांव में बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से फायरिंग की।
इसके बाद बदमाश मातलदेई की ओर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ भागे और जटाशंकर यादव को राजातालाब पुलिस चौकी लाया गया।
पुलिस जटाशंकर को लेकर मंडलीय अस्पताल गई जहां उनके बाएं हाथ की कोहनी का उपचार कर हालत खतरे से बाहर बताई गई। मामले को लेकर जटाशंकर ने पड़ोसियों पर जमीन विवाद की रंजिश में गोली मारने का आरोप लगाते हुए दो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।