एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह को पता लगा कि राजू बिहारी अपाचे बाइक से कैंट से लोहता होते हुए शिवपुर की ओर जा रहा है। इस पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने अपनी टीम के साथ राजू का पीछा किया और पिसौर पुल तिराहा के समीप लोहता एसओ, मंडुवाडीह एसओ और क्षेत्र से गुजर रहे लक्सा एसओ ने चेकिंग शुरू की।
पुलिस ने राजू को रुकने का इशारा किया तो वह फायरिंग करते हुए पिसौर पुल की ओर भागा। पुलिस टीम ने घेरेबंदी कर राजू को गिरफ्तार किया और शिवा भाग निकला। सिपाही संतोष के दाएं हाथ में और बदमाश राजू के दाएं पैर में गोली लगी है। देर रात तक शिवा की तलाश में पुलिस की काबिंग जारी रही।
सरेराह हुई फायरिंग से मची भगदड़ :
पिसौर पुल तिराहा के समीप सरेराह राजू बिहारी द्वारा की गई दो राउंड फायरिंग से राहगीरों में भगदड़ मच गई थी। पुलिस ने पीछा किया और इसके बाद लगभग 18 से 20 राउंड गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बदमाश से मुठभेड़ की सूचना पर एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र के साथ ही एसपी ग्रामीण एमपी सिंह और सीओ सदर सत्येंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे।
एसएसपी ने बताया कि राजू को गिरफ्तार करने में क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, एसओ लोहता राकेश सिंह, एसओ लक्सा अमित मिश्रा, एसओ मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी, सुमंत सिंह, पुनदेव सिंह, घनश्याम वर्मा, सुरेंद्र मौर्या, कुलदीप सिंह, चंद्रसेन सिंह, रामबाबू और सुनील राय शामिल थे।
लूट के लिए कुख्यात है राजू, लक्सा थाने से था वांछित :
गिरफ्तार राजू बिहारी लूट के लिए कुख्यात है और लक्सा थाने में वांछित था। वहीं, फरार हुआ शिवा बिंद चौक थाने से वांछित है और उस पर गाजीपुर के अलावा बनारस से 50 हजार का इनाम घोषित है।