बिजली विभाग की लापरवाही से बुधवार को एक कर्मचारी की मौत हो गई। भुल्लनपुर में जंपर जोड़ने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े कर्मचारी को करंट लग गया। तार पर झूले कर्मचारी को उतारने के लिए पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने जब खंभे की जांच की तो उसमें करंट आ रहा था। कर्मचारी को नीचे उतारकर पुलिस ने उसकी मेडिकल जांच कराई तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, खंभे के पास खड़े दूसरे कर्मचारी को भी करंट लगा, जिसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शट डाउन लेने के बाद भी करंट लगने की घटना से सवाल खड़े हो रहे हैं।
कोटवा निवासी कर्मचारी किशन साहनी (26) जंपर जोड़ने के लिए शट डाउन लेकर बिजली के खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान उसे करंट का झटका लगा और वह तार पर झूल गया। साथियों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर बिग्रेड को दी। फायर बिग्रेड के जवानों ने खंभे पर चढ़ने से पहले जांच की तो करंट आ रहा था। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। साथियों की मदद से कर्मचारी को नीचे उतार पुलिस ने जांच कराई तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान खंभे के पास खड़ा दूसरा कर्मचारी दरेखू निवासी अजय कुमार करंट से बेहोश हो गया था। उसका इलाज चल रहा है। इस बारे में ग्रामीण विद्युत वितरण के अधिशासी अभियंता एलपी चक्रवेदी ने बताया कि निजी एजेंसी का कर्मचारी थी। जहां घटना हुई है वहां दो लाइनें थीं। रोहनिया सब स्टेशन से शट डाउन लिया था लेकिन शहरी क्षेत्र की लाइन से शट डाउन नहीं लिया था। इसकी विद्युत सुरक्षा से जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक कर्मचारी के परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।