बलिया जिले में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार देर रात खेत में सोए बुजुर्ग किसान लालजी राजभर की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र के करमपुर गांव का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र ददन राजभर के तहरीर पर उमेश समेत तीन पर पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं आरोपी फरार है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के भोजपुर मठिया करमपुर निवासी मृतक लालजी राजभर(60) लगान पर खेत लेकर सब्जी की खेती करते थे।
वह रात में भी वहीं सोते थे। मंगलवार के दिन लकड़ी को लेकर लालजी राजभर एवं आरोपी उमेश के परिवार से कुछ कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी मामले को लेकर मंगलवार की देर रात उमेश कुमार सुनियोजित ढंग से अपने कुछ साथियों के साथ खेत पहुंचा, जहां सो रहे लालजी राजभर को लाठी-डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
किसी तरह घायल लालजी रेंगते हुए समीप से गुजर रहे मार्ग पर पहुंचा, जहां किसी राहगीर ने इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस को सूचना देकर बुलाया और उस पर लादकर जिला अस्पताल भेजवा दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ नगर हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि हत्या के मामले की जांच कराई जा रही है।