फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेखौफ अपराधी, बेबस पुलिस, दहशत में लोग

Sat, 18 Jun 2016 01:39 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले के अलग-अलग स्थानों में चौबीस घंटे के भीतर हुई लूट और गोली मारने की घटनाओं ने शांति और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अवैध असलहों से लैस अपराधी बेखौफ तरीके से वारदात को अंजाम देकर निकल गए और पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही। पुलिस की सारी सतर्कता और तलाशी अभियान धरा का धरा रह गया। ताबड़तोड़ हुई आपराधिक वारदातों से लोग दहशत में हैं।
विज्ञापन



आशापुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर शुक्रवार की दोपहर फरीदपुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्री ऊषा से बाइक सवार दो बदमाशों ने सरेराह एक लाख रुपये लूट लिया। बाइक पर बैठी ऊषा और उनके पति नरेश दयाल बदमाशों की छीनाझपटी से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और नकाबपोश बदमाश सारनाथ की ओर भाग गए। घटना के बाद रोते हुए ऊषा ने बताया कि वे घर बनवाने के लिए रुपये निकाल कर ले जा रही थीं। सीओ कैंट राजकुमार यादव ने बताया कि बैंक की सीसीटीवी फुटेज में यह सामने आया है कि ऊषा के आसपास ही एक 40 वर्षीय संदिग्ध घूम रहा था। उनके बैंक से बाहर जाने से पहले वह तेजी से भागा है। तीन टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।  


तिलमापुर निवासी निजी आईटीआई कॉलेज के प्रबंधक अमित मिश्रा से गुरुवार की रात चार बदमाशों ने आशापुर चौराहा के समीप सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। अमित कार रोककर लघुशंका करने उतरे थे। उन्होंने बताया कि वे प्रेमापुर स्थित अपने कॉलेज से घर जा रहे थे। बदमाश भागते समय उनकी कार में आगे लगा कैमरा भी तोेड़कर ले गए।
विज्ञापन

शुक्रवार की रात 10:30 बजे चोलापुर में कटहलगंज चौमुहानी के समीप परचून दूकानदार गोविंद जायसवाल और उनके पुत्र गोपाल की बाइक को पांच बदमाशों ने धक्का मार कर गिराया। पांचों बदमाश दो बाइक पर सवार थे। शोर मचाने पर पिता-पुत्र के ऊपर बदमाशों ने दो बार फायरिंग की लेकिन ग्रामीण आ गए और सभी को भागना पड़ा।


टेकारी निवासी पिता-पुत्र ने बताया कि दोनों मोहांव बाजार स्थित अपनी दूकान बंद कर घर जा रहे थे। इस घटना को लेकर पुलिस एक बार फिर हरकत में आई ही थी कि लोहता में अंग्रेजी शराब की दूकान बंद करा रहे चितईपुर निवासी मैनेजर गुलाब सिंह से बाइक सवार दो बदमाश 43 हजार रुपये से भरा बैग लूट ले गए। इससे पहले गुरुवार की रात सराफा कारीगर मनीष सेठ को सामने घाट में बदमाशों ने दो गोली मारी थी, वह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें