यूपी के मऊ में दुकान में सो रहे सराफा कारोबारी की हत्या कर बदमाश पांच लाख के गहने और डेढ़ लाख नगदी लूट ले गए। पुलिस ने नाराज व्यापारियों को एक सप्ताह के अंदर मामले का पर्दाफाश करने का आश्वासन देकर शांत कराया।
एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के गुरुम्हा निवासी अशोक जायसवाल (59) की मर्यादपुर कस्बे में सराफा की दुकान है। अशोक दुकान में ही सोते थे। शनिवार रात अशोक जायसवाल मर्यादपुर स्थित घर से खाना खाने के बाद दुकान में जाकर सो गए थे।
रात में बदमाश दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और अशोक की गला रेतकर हत्या करने के बाद लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गए।
रविवार की सुबह टहलने निकले लोगों ने शटर के अंदर से खून बहता देखकर अशोक के परिवार वालों को सूचना दी। तब उनका भतीजा सोनू पहुंचा। उसने थाने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वायड और क्यूआरटी टीम को बुलाया, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिला।
भतीजे सोनू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्घ हत्या और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। सोनू ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान में करीब पांच लाख के आभूषण और डेढ़ लाख नगद था। सब बदमाश ले गए।
पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला लूट के लिए हत्या का लग रहा है। मृतक के भतीजे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद जो भी दोषी सामने आएंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।