माउंट लिट्रा जी स्कूल, रोहनिया के कैंपस में 11वीं के छात्रों के एक गुट ने 10वीं के छात्र को लात-घूंसों, साइकिल की चेन और चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल छात्र उत्कर्ष वर्मा के पिता शैलेष वर्मा की तहरीर पर मंगलवार को रोहनिया थाने में पांच नामजद और आठ अज्ञात छात्रों के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा, धमकाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शैलेष के अनुसार हमलावर छात्र उत्कर्ष से 20 हजार रुपये गुंडा टैक्स मांग रहे थे। रुपये न देने पर उस पर जानलेवा हमला किया गया।
सुड़िया निवासी व्यवसायी शैलेष वर्मा का बेटा उत्कर्ष माउंट लिट्रा जी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र है।
रोहनिया थाने में मंगलवार को शैलेष ने बताया कि उत्कर्ष से कई दिनों से 11वीं के साइंस और कॉमर्स ग्रुप के कुछ छात्रों का गुट 20 हजार रुपए मांग रहा था। रुपये न लाने पर वे उसे रोजाना प्रताड़ित करते थे।
उत्कर्ष ने कई बार इसकी शिकायत स्कूल के शिक्षकों से भी की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
मंगलवार को स्कूल परिसर में ही दोपहर बाद करीब दो बजे एक दर्जन से ज्यादा छात्रों ने उत्कर्ष को घेर कर मारा और उसके सिर पर चाकू और नुकीले हथियार से वार किया गया।
उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वे स्कूल पहुंचे और उत्कर्ष को अस्पताल ले गए।