आजमगढ़ के एक गांव में शुक्रवार को दो पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चले। दोनों तरफ से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की गई। इसमें चोट लगने से एक पक्ष का युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे पक्ष की कार में आग लगा दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराई। दोनों तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सरायमीर थाने के नोनारी गांव निवासी हरिओम यादव और लालजीत राजभर के बीच पुरानी रंजिश चलती है। गुरुवार को गांव के रामनयन यादव के बेटे की बारात गंभीपुर थाने के मंगरावा गांव में गई हुई थी। बारात में हरिओम और लालजीत भी गए थे।
वहां समर्थकों के पानी पीने को लेकर हरिओम और लालजीत में विवाद हो गया। हालांकि वहां तो मामला शांत हो गया। लेकिन शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे हरिओम का भाई शिवओम यादव अपनी कार से कहीं जा रहा था।
आमने सामने आए राजभर और यादव
varanasi
- फोटो : अमर उजाला
कार जैसे ही नोनारी बाजार में लालजीत के घर के समीप पहुंची कि उसने रोक लिया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों के समर्थक भी जुट गए। बातों-बातों में ही दोनों पक्षों में ईंट पत्थर और हवाई फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान चोट लगने से लालजीत (40) घायल हो गया।
जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई। शिवओम की कार भी फूंक दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। कार फूंकने के मामले में एक पक्ष से हरिओम यादव ने तहरीर देकर विपक्ष के लालजीत राजभर सहित पांच लोगों को आरोपित किया है।
जबकि दूसरी तरफ से मनोज राजभर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें हरिओम यादव सहित छह लोगों को आरोपित किया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।