फॉर्च्यूनर पर सवार हो घर जा रहे थे
- फोटो : facebook
बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेक्ष के पूर्व विधायक विक्रमा सिंह के भतीजे नीरज सिंह समेत चार लोगों की मंगलवार की शाम धनबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये सभी फॉर्च्यूनर पर सवार हो घर जा रहे थे तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने इनकी गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।
मौके पर से पुलिस ने 50 खोखे बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बैरिया थाना क्षेत्र के गोहनिया छपरा गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। उनके सगे संबंधी धनबाद के लिए रवाना हो गए।
बताया जाता है कि धनबाद में सिंह मेंशन परिवार के पूर्व डिप्टी मेयर और वर्तमान डिप्टी मेयर के बड़े भाई नीरज सिंह को घेरकर बदमाशों ने स्टील गेट के पास एके 47 से गोली मार दी, जिससे नीरज सिंह, उनके साथी अशोक यादव, चालक ललटू यादव और गनर मुन्ना बजरंगी की मौत हो गयी।
इनमें से तीन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पूर्व मेयर को गंभीर हालत में सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहा डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मालूम हो कि नीरज सिंह बलिया के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामधीर सिंह के भाई स्व. राजन सिंह के पुत्र थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, कि नीरज सिंह अपने आवास रघुकुल जा रहे थे। इसी समय पहले से घात लगाए अपराधियों ने इनकी गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इनके आवास से पहले रास्ते में सड़क पर 15 ब्रेकर हैं, जिसका अपराधियों ने फायदा उठाया।
गाड़ी की रफ्तार कम होते ही अपराधियों ने हमला कर दिया। हत्यारे बाइक पर सवार थे और घटना को अंजाम देने के बाद भागने में सफल रहे।