राजधानी शिमला स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कॉलेज संजौली में हुए 80 लाख गबन मामले में कॉलेज के दो पूर्व प्रिंसिपलों को चार्जशीट करने की तैयारी है। वर्तमान में दोनों पूर्व प्रिंसिपल बड़े ओहदों पर तैनात हैं। शिक्षा विभाग ने दोनों पूर्व प्रिंसिपलों को चार्जशीट करने की फाइल तैयार कर ली है।
अब मामला मुख्यमंत्री को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। बीते दिनों इसी मामले में शिक्षा विभाग ने संजौली कॉलेज में पूर्व में तैनात रह चुके तीन प्रवक्ताओं को चार्जशीट कर दिया है। अब दोनों पूर्व प्रिंसिपलों सहित इन तीनों प्रवक्ताओं से लाखों रुपये की रिकवरी की जाएगी।
यह मामला विजिलेंस में भी दर्ज किया गया है। विजिलेंस अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है। बता दें कि उच्च शिक्षा निदेशालय ने जांच पूरी कर बीते साल रिपोर्ट सरकार को भेजी थी। सरकार ने इस मामले में कार्रवाई करने में काफी समय लगाया है।
अब गबन होने के दौरान आर्थिक कामकाज देखने वाले तीन प्रवक्ताओं उत्तम चंद, कुलदीप सेन और हरीश गुप्ता को चार्र्जशीट कर दिया गया है। इनके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक के पद और शिक्षा सलाहकार के पद पर तैनात दो पूर्व प्रिंसिपलों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की तैयारी है। इस मामले के मुख्य आरोपी कॉलेज के अधीक्षक को शिक्षा निदेशालय पहले ही चार्जशीट कर चुका है।
यह है मामला
शिमला स्थित एक्सीलेंस कॉलेज संजौली में विभिन्न बिलों की अदायगी, सामान खरीद और ग्रांट में गोलमाल किया गया है। कॉलेज के सीनियर असिस्टेंट पर गबन करने का सीधा आरोप है। उच्च शिक्षा निदेशालय के ज्वाइंट कंट्रोलर वित्त की जांच रिपोर्ट में इसका स्पष्ट तौर पर उल्लेख है।
ढाई साल से कैश बुक नहीं भरने की शिकायत मिलने पर शिक्षा निदेशालय ने बीते साल मई महीने में मामले की जांच के आदेश दिए थे। शिकायत की प्रारंभिक जांच के दौरान ही सीनियर असिस्टेंट को सस्पेंड कर दिया था। जांच के दौरान 80 लाख रुपये के गोलमाल की बात सामने आई है।