एसएसपी के आदेश पर सारनाथ थाने में हुई कार्रवाई
- फोटो : demo
गाजीपुर जिले की जखनिया विधानसभा के पूर्व सपा विधायक जंगीपुर निवासी सुब्बा राम और उनके पीए अनिल चौहान के खिलाफ सारनाथ थाने में शनिवार को धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर अकथा निवासी बजरंगी मौर्या की तहरीर पर की गई है।
सारनाथ के अकथा निवासी बजरंगी मौर्या का आरोप है उन्होंने अपने भाई बनारसी की सरकारी नौकरी लगवाने के लिए तीन लाख रुपए पीए अनिल चौहान के मार्फत विधायक सुब्बा राम को दिए थे। नौकरी नहीं लगी तो बजरंगी ने विधायक से रुपये वापस मांगे।
इस पर विधायक ने उन्हें तीन लाख रुपये का चेक दिया। बजरंगी ने बताया कि बैंक में चेक जमा करने पर विधायक का न तो हस्ताक्षर मिला और न उनके खाते में पर्याप्त धनराशि मिली।
विधायक से काफी गुहार लगाने के बाद भी जब रुपये नहीं मिले तो बजरंगी ने एसएसपी को पूरे मामले से अवगत कराया। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।