गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग को तोड़ती हुई खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में जहां 24 लोग घायल हो गए, वहीं कई को हल्की चोटें आई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। यह हादसा फतेहउल्लाहपुर पुलिया पर हुआ।
हादसे का कारण बस का स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है।
वाराणसी से एक टूरिस्ट बस गोरखपुर गई थी। वहां टूरिस्टों को छोड़कर बस वापस वाराणसी आ रही थी।
रविवार अहले सुबह ड्राइवर अयूब खां एक ढाबा पर रुका। वहां वाराणसी में आयोजित नेट की परीक्षा में भाग लेने वाले दर्जनों अभ्यर्थी पहुंच गए।
बस को देख चालक से बातचीत करते हुए वाराणसी जाने की बात कही।
इस पर चालक ले जाने को तैयार हो गया। सुबह पांच बजे ढाबा से बस वाराणसी के लिए रवाना हुई।
इसी बीच नंदगंज थाना क्षेत्र के फतेउल्लाहपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अचानक तेज रफ्तार बस का स्टेयरिंग जाम हो गया, जिससे बस पुलिया की रेलिंग को तोड़ती हुई खाई में पलट गई।
बस पलटते ही उसमें सवार लोग की चीख-पुकार मच गई। लोगों की आवाज सुनकर पास ही स्थित ढाबा पर मौजूद लोग मौके पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। साथ ही आनन-फानन में बस में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए।
पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मी घायलों को जिला अस्पताल लाए। बस जिस खाई में गिरी थी, उसमें थोड़ा-बहुत पानी था। पानी के बीच ड्राइवर अयूब खां बस में फंसा था, जिसे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला।