मिर्जापुर जिला कारागार का मामला
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर जिला जेल में एक बंदी द्वारा पीटे जाने से नाराज दूसरा बंदी सोमवार की सुबह दस बजे परिसर स्थित पीपल के पेड़ पर चढ़ गया। इसकी खबर लगते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक और जेलर ने बंदी को समझाकर देर शाम उतार लिया।
जेल प्रशासन ने पीटने वाले बंदी से उसको माफी भी मंगवाई।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के हथिया फाटक इमामबाड़ा मोहल्ला निवासी जुनैद (18) को पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में 24 फरवरी को जेल भेजा था। तभी से वह जिला जेल में है। बैरक नंबर एक में जुनैद के साथ कई बंदी निरुद्ध हैं।
रविवार को एक बंदी ने जुनैद की पिटाई कर दी। इसकी शिकायत करने के बाद भी आरोपी बंदी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज जुनैद सोमवार की सुबह दस बजे जेल परिसर स्थित पेड़ पर चढ़ गया।
खबर लगते ही अधिकारी पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। कहा कि आरोपी बंदी को उसके सामने की पीटा जाए, तभी वह उतरेगा। लगभग 50 फीट ऊपर चढ़े बंदी के गिरने के डर से जेल प्रशासन परेशान है।
काफी देर समझाने के बाद और पीटने वाले बंदी से जेल प्रशासन द्वारा माफी मंगवाने के बाद पेड़ से उतरा।