सकलडीहा (पीडीडीयू नगर)। ओरवां गांव के समीप एक सप्ताह पहले गड्डे से मिले दिनदासपुर गांव निवासी रामानंद (32) के शव के मामले में मंगलवार को परिजनों ने सकलडीहा कोतवाली में तहरीर देकर उसकी हत्या की आशंका जताई है। इसके बाद पुलिस ने घटना के दिन युवक के साथ रहे मनीष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे छोड़ दिया।
सकलडीहा कोतवाली के दिनदासपुर गांव के कमलाकांत मौर्य के दो पुत्रों में रामानंद मालवाहक गाड़ी चलाकर परिवार की परवरिश करता था। 12 मार्च की देर रात उसका शव औरवा के पास गांव के पास गड्ढे में मिला था जबकि बाइक किनारे पड़ी हुई थी। परिजनों की तहरीर के अनुसार साथ में रहे मनीष यादव ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी। तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवार वालों से एक तहरीर लेकर पंचायतनामा के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना के आठ दिन बाद परिवार के वंशीधर की ओर से दी गई तहरीर में लिखा है कि रामानंद औरवा के पास पहुंचा था तभी कुछ लोग आकर उसका मोबाइल छीनने लगे। उन्होंने मारपीट की और मोटरसाइकिल सहित गड्ढे में फेेंक दिया। उसका मोबाइल तथा पैसा लेकर वह फरार हो गए। रामानंद के साथ मनीष यादव भी था लेकिन बदमाशों के डर से वह हेलमेट लेकर घर भाग आया। इस संबंध में सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि परिजनों की ओर से युवक को मारपीट कर पैसा छीनने व हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जो दोषी होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।