ज्ञानपुर। ऊंज थानाक्षेत्र के बिछियां हरिहरपुर गांव में सौभाग्य योजना के एक बोर्ड में लगी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चित्र पर मंगलवार को किसी ने कालिख पोत दिया। जिसको लेकर भाजपा में खलबली मच गई। भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने आयोग, डीएम और एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
आचार संहिता प्रभावी होने के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के होर्डिंग, बैनर और बोर्ड को हटाया जा रहा है। पेट्रोल पंप से लेकर अन्य स्थानों पर अभियान चलाकर इसे हटाया गया। मंगलवार को ऊंज के प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर के समीप सौभाग्य योजना के लगे बोर्ड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र पर कालिख पोत दिया गया। यह खबर जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लगी वह नाराज हो गए। जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि ऊंज थानाध्यक्ष ने कालिख पोतवाया। आचार संहिता को प्रभावी बनाने के और तरीके हैं। उक्त बोर्ड को ढका भी जा सकता है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।